मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री ने सुनी जन समस्याए

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में जन ससमयाओं को सुना। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने अपनी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। लोगों ने स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, जमीन से संबंधित एवं अन्य समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी समस्याएं लोगों द्वारा रखी गई है, उनका शीघ्र समाधान किया जायेगा। अधिकांश जन समस्याओं एवं शिकायतों का उन्होंने मौके पर ही समाधान किया।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिये कि आज जो भी जन शिकायतें एवं समस्याओं के लिए पत्र प्राप्त हुए हैं उनको समाधान के लिए शीघ्र संबंधित अधिकारियों को भेजा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी समस्याओं एवं शिकायतों पर हुई कार्यवाही का वे स्वयं भी फीडबैक लेंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये कि जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अनावश्यक रूप से लोगों के कार्यों को अटकाया जा रहा है या विलंब किया जा रहा है, उन पर सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान तेजी से हो इसके लिए जिलाधिकारियों को प्रत्येक कार्य दिवस में दो घंटे जन समस्याओं को सुनने के निर्देश दिये गये हैं। मुख्यमंत्री जनपदों के भ्रमण के दौरान सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लगातार फीडबैक ले रहे हैं। जिलाधिकारियों को जनपदों में जनता दरबार, तहसील दिवस एवं बीडीसी की नियमित बैठकें करने के निर्देश दिये गये हैं।
इस अवसर पर हरिद्वार जनपद के खेड़ी शिकोहपुर के एक व्यक्ति ने शिकायत की कि लेखपाल द्वारा उनकी वास्तविक जमीन को फरद में कम दिखाया गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि इसकी जांच कराई जाए, यदि शिकायत सत्य पाई जाती है, तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाए। एक व्यक्ति द्वारा अपने कमर का इलाज करवाने के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उनका इलाज एम्स ऋषिकेश में करवाने का निर्देश दिया। एक व्यक्ति द्वारा देहरादून से रसिया महादेव तक बस सेवा शुरू करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका परीक्षण कराकर उचित कार्यवाही की जायेगी।
इस अवसर पर एडीजी वी. मुरूगेशन, अपर सचिव जगदीश चन्द्र काण्डपाल एवं मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

नई सोच नई उम्मीद के साथ योग नगरी को किया जा रहा है विकसितः अनिता ममगाई

मेयर अनिता ममगाईं के सकारात्मक सोच के चलते अब हर वार्ड में जनता की समस्या का निराकरण निगम जनता दरबार से होगा। आज से चंद्रेश्वर नगर में इसकी शुरूआत हुई।

मेयर अनिता ममगाई ने वार्ड संख्या 01 के चन्द्रेश्वर नगर में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कहा कि नई सोच नई उम्मीद के साथ में नये ऋषिकेश को विकसित करने के लिए एक स्पष्ट विजन के साथ शहर में योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत रहने वाले लोगों को जन समस्याओं के निस्तारण के लिए परेशानियों का सामना ना करना पड़े इसके लिए अपने घोषणापत्र के अनुसार नगर निगम जनता के द्वार कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रत्येक माह निगम के दो वार्डो पर निगम क्षेत्र के पार्षदों के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम जनता की समस्याओं के निस्तारण के लिए उनके द्वार पहुंचेगी और त्वरित गति से कार्य करते हुए समस्याओं का निस्तारण करायेगी। इससे पूर्व नगर निगम की टीम को जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए क्षेत्र में पहुंचने पर वहां उपस्थित लोगों की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। लोगों ने मेयर की कार्य प्रणाली की जमकर सराहाना की ।

कहा कि, जनप्रतिनिधि ऐसा हो जो समस्याओं के समाधान के लिये जनता के बीच पहुंचकर उनका निदान करे।इस दौरान महापौर ने क्षेत्रवासियों को बताया कि हर वार्ड के लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं को समझकर उनके निराकरण करने के मकसद से कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।कार्यक्रम का उद्देश्य गली मोहल्लों में व्याप्त समस्याओं को एकत्रित कर उनका निराकरण करना है। जिससे वार्डों में लोग समस्या मुक्त रह सकें।महापौर ममगाई ने बताया कि नगर निगम की ओर से तमाम विभागों के सक्षम अधिकारियों की मौजूदगी में आज जन समस्याएं सुनी गई। ज्यादातर समस्याए समाज कल्याण विभाग से जुड़ी वृद्वावस्था पेंशन की सामने आई हैं।इसके अलावा विधुत पोलों एवं सीवर की समस्याओं को भी कुछ लोगों द्वारा रखा गया है।उन्होंने एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के निराकरण के आदेश अधिकारियों को दिए हैं। नगर आयुुक्त नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि छोटी सरकार के विजन को पूरा करने के लिए निगम प्रशासन तत्परता से कार्य कर रहा है। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद पुष्पा मिश्रा,सप्लाई इस्पेक्टर विजय डोभाल, एई अनिल नेगी,नायाब तहसीलदार विजय,सहायक अभियंता आनंद मिश्रवान,लोनिवि से उप्रेन्द्र कुमार गोयल,जल संस्थान से अशोक सिंह, एस आई उत्तम रमोला, विद्युत विभाग से जेई बृजपाल एवं जेई वीरेन्द्र राणा आदि मौजूद रहे।