अल्पसंख्यक मोर्चा की कार्य समिति में पहुंचे मंत्री अग्रवाल, संगठन की मजबूती को एकजुट होने का किया आवाहन

भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से जिला कार्य समिति एवं मंडल सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की और संगठन की मजबूती के लिए आगे बढ़कर कार्य करने का आह्वान किया।

श्यामपुर एक वेडिंग पॉइंट में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि भाजपा संगठन को आगे बढ़ाने में अल्पसंख्यक मोर्चा का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और यही एकमात्र ऐसा संगठन है जहां कार्यकर्ताओं को देवतातुल्य की संज्ञा दी गई है।

डा. अग्रवाल ने कहा कि भाजपा परिवार में सभी कार्यकर्ताओं का न सिर्फ सम्मान होता है, बल्कि योग्यतानुसार उन्हें जिम्मेदारी भी सौंपी जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए एकजुट होकर कार्य करने को कहा।

डा. अग्रवाल ने कहा केंद्र और राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना से कार्य करती है, कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार अत्योंदय यानी अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने भी अपने विचार रखकर 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए सरकार की योजनाओं को आम जनता पहुंचने का आह्वान किया।

इस दौरान अध्यक्ष वक्फ बोर्ड शादाब सन्स, प्रभारी अल्पसंख्यक मोर्चा मुकेश कोली, प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा इंतजार हुसैन, महामंत्री अनीश गौड़, जिलाध्यक्ष सतीश सिंह, गुरप्रीत छाबड़ा, अवतार सिंह, चांद खान, अतुल जैन, गगनदीप सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कविता शाह, मंडल अध्यक्ष दिनेश पायल, जिला कोषाध्यक्ष राहुल अग्रवाल, बलविंदर सिंह, विक्रम सिंह, अमनप्रीत सिंह, मनोज जैन आदि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने जहां की जनसभा, वहां खिला कमल

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में से तीन बड़े राज्यों में भाजपा को मिली जीत में ‘मोदी फैक्टर’ प्रमुख कारण रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व पार्टी हाईकमान क्षमताओं के आधार पर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपते रहे हैं। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी राजस्थान और मध्यप्रदेश में 9 विधानसभाओं में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिनमें सभी पर भाजपा प्रत्याशियों को जीत हासिल हुई। मोदी जो भी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपते हैं, धामी अब तक उस पर खरे उतरते आए हैं।

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जलवा अब दूसरे राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने राजस्थान और मध्यप्रदेश की कुल 9 विधानसभा सीटों पर धुआंधार प्रचार किया था जिनमें से सभी सीटों पर भाजपा ने जीत (फिलहाल निर्णायक बढ़त) हासिल की है। वह एक दिन में तीन-तीन जनसभाओं को संबोधित करते थे। उनके कई रोड शो भी हुए। जीत के लिहाज से धामी का स्ट्राइक रेट 100ः रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों में सबसे युवा मुख्यमंत्रियों में से एक हैं। अपने जनहित से जुड़े कार्यों और धाकड़ फैसलों की वजह से मातृशक्ति और युवाओं के बीच उनकी खासी लोकप्रियता है। यही वजह है कि उत्तराखण्ड से बाहर अन्य राज्यों में होने वाले चुनावों में भी उनकी काफी डिमांड रहती है। राजस्थान और मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनावों में भाजपा हाईकमान ने कई विधानसभा क्षेत्रों में धामी की जनसभाएं और रोड शो करवाए। उनके हर कार्यक्रम में बड़ी तादाद में भीड़ जुटी। राजस्थान में उन्हानें 6 विधानसभा क्षेत्रों सांगानेर, झोटवाड़ा, विराटनगर, सांगोद, रामगंज मंडी और डग विधानसभा सीटों पर धुआंधार प्रचार किया था। जनसभाओं के अलावा उन्होंने समाज के किसान और व्यापारी वर्ग से सीधा संवाद भी कायम किया था। उनके रोड शो भी सफल रहे। इन छह विधानसभाओं में भाजपा को शानदार जीत हासिल हुई है। इस जीत में धामी की मौजूदगी भी एक बड़ा फैक्टर माना जा रहा है। सांगानेर से भजना लाल शर्मा, झोटवाड़ा सीट से राज्यवर्धन राठौर, विराटनगर से कुलदीप, सांगोद से हीरालाल नागर, रामगंज मंडी से मदन दिलावर और डग से कालूराम को विजय प्राप्त हुई।

मध्य प्रदेश में भी पुष्कर सिंह धामी ने तीन विधानसभा सीटों के कई स्थानों पर चुनाव प्रचार किया। भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा में भी उन्होंने प्रतिभाग किया। उन्हें ऐसी विधानसभा सीटों पर प्रचार में उतारा गया जहां उत्तराखण्ड मूल के लोगों की संख्या अधिक है। मध्य प्रदेश में जिन तीन विधानसभा सीटों पर धामी ने चुनाव प्रचार किया उनमें इंदौर-2, खुरई और सागर विधानसभा सीटें शामिल हैं। जिनमें क्रमशरू भाजपा प्रतयाशी रमेश मेंदोला, भूपेन्द्र सिंह और शैलेन्द्र कुमार जैन को जीत मिली।

दरअसल, पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्यमंत्री अभी तक के अपने लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल में जनहित में कई साहसिक और एतिहासिक फैसले लिए हैं। जिनमें नकल विरोधी कानून, सख्त धर्मांतरण कानून लागू करना शामिल हैं। इसके अलावा जमीन जेहाद के खिलाफ चलाया गया उनका बुल्डोजर पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। इतना ही नहीं समान नागरिक संहिता लागू करने को लेकर उनके द्वारा प्रदेश में की गई ठोस पहल को भी समूचे देश में सराहना मिली है। विस्तार ले रही रही उनकी लोकप्रियता की वजह से अन्य प्रदेशों के चुनाव में भी उनकी डिमांड बढ़ी है।

तीन राज्यों में हुए चुनावों में देश को बांटने की हुई कोशिशः मोदी

राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के बाद दिल्ली में पार्टी हेडक्वार्टर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- कुछ लोग तो कह रहे हैं कि आज की इस हैट्रिक ने चौबीस की हैट्रिक की गारंटी दे दी है। इस चुनाव में देश को जातियों में बांटने की बहुत कोशिशें हुईं।
उन्होंने कहा कि मैं लगातार कह रहा था कि मेरे लिए देश में चार जातियां ही सबसे बड़ी जातियां हैं। ये हैं हमारी नारी शक्ति, युवा शक्ति, किसान और हमारे गरीब परिवार।इन चार जातियों को सशक्त करने से देश सशक्त होने वाला है। आज भी मेरे मन में यही भाव है। मैं अपनी माताओं-बहनों और बेटियों के सामने अपने युवा साथियों, किसान भाइयों के सामने, गरीब भाइयों के सामने नतमस्तक हूं। चुनाव परिणाम पर हर फर्स्ट टाइम वोटर कह रहा है कि मेरा पहला वोट मेरी जीत का कारण बना है। भविष्य का सपना देखने वाला युवा अपनी जीत देख रहा है। चुनाव नतीजों ने एक और बात स्पष्ट की है कि देश की युवा पीढ़ी सिर्फ विकास चाहती है। जहां की सरकारों ने युवाओं के खिलाफ काम किया है, वे सरकारें सत्ता से बाहर हुई हैं। चाहे छत्तीसगढ़ हो, राजस्थान हो या तेलंगाना हो।देश का युवा यह जानता है कि बीजेपी की सरकार युवा हितैषी होती है। युवाओं के लिए नए अवसर बनाने वाली होती है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम से देश की बेटियों-बहनों के मन में एक नया विश्वास जागा है। यह विश्वास जगा है कि भाजपा की सरकार में उन्हें एक नई बुलंदी मिलने वाली है। उन्हें लगता है कि बीजेपी ही नारी सुरक्षा, सम्मान और गरिमा की गारंटी है। उन्होंने देखा है कि बीते दस सालों ने भाजपा ने उन तक टॉयलेट, बिजली, गैस, नल से जल और बैंक में खाते जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए कितनी ईमानदारी से काम किया है।

पीएम ने कहा कि इस चुनाव में देश की बहन-बेटियों ने भाजपा की विजय की जिम्मेदारी उठा ली थी। आज मैं उनसे बहुत विनम्रता से कहूंगा कि बीजेपी ने आपसे जो वादे किए हैं वह शत-प्रतिशत पूरे किए जाएंगे और यह मोदी की गारंटी है। और मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी।देश का आदिवासी समाज भी खुलकर अपनी बात रख रहा है। यह वह समाज है जो कांग्रेस की नीतियों की वजह से पीछे रहा। इन्हें अवसर नहीं दिए गए। हमने गुजरात में भी देखा कि जिस समाज को कांग्रेस ने कभी पूछा नहीं, उस समाज ने कांग्रेस का सफाया कर दिया। यही स्थिति हमने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी देखी है। इन आदिवासी अंचलों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। देश का आदिवासी समाज विकास का आकांक्षी है। उसे भरोसा है कि इस आकांक्षा को भाजपा ही पूरा कर सकती है। आज मैं भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना करूंगा, उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा करूंगा। भाजपा और कमल के प्रति आपका समर्पण अतुलनीय है। डबल इंजन की सरकार का उद्देश्य आपने घर-घर तक पहुंचाया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के परिवार में चुनाव के दौरान एक दुखद घटना हो गई थी, फिर भी वह चुनाव अभियान में जुटे रहे।

जेपी नड्डा और बलूनी के जन्मदिन पर किया गंगा में दुग्धाभिषेक

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी जी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल की मौजूदगी में जन्मदिन मनाया। इस मौके पर माँ गंगा में दुग्धाभिषेक कर उनके दीर्घायु जीवन की कामना की गई। साथ ही मिष्ठान खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी गयी।

साईं घाट स्थित गंगा तट पर एकत्र कार्यकताओं को सम्बोधित कर मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के कुशल और प्रेरक नेतृत्व में पार्टी निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रही है। वह कार्यकर्ताओं से मिलकर उनकी राय लेते है, यही उनकी खासियत है।

डॉ अग्रवाल ने राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी श्री अनिल बलूनी जी को भी जन्मदिन पर बधाई दी। कहा कि अनिल बलूनी जी का मार्गदर्शन सदैव उत्तराखंड को मिलता है, उनका मार्गदर्शन से राज्य को अनेक सौगातें मिली हैं।

इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल ने माँ गंगा से श्री नड्डा और श्री बलूनी जी के सदा स्वस्थ और दीर्घायु रहने की भी कामना की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा, मंडल अध्यक्ष सुमित पंवार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रविंद्र राणा, मंडल अध्यक्ष सुमित पंवार, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कविता शाह, मडल अध्यक्ष महिला मोर्चा माधवी गुप्ता, मण्डल महामंत्री पवन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष दिनेश सती, जितेंद्र अग्रवाल, मनोज ध्यानी, चेतन शर्मा, राधे जाटव, अनिल ध्यानी, मेजर गोविंद सिंह रावत, रमेश अरोड़ा, दीपक बिष्ट, राजपाल ठाकुर, पार्षद प्रदीप कोहली, पूर्व पालिका अध्यक्ष शम्भू पासवान, विनोद भट्ट, रूपेश गुप्ता, जिला कार्यालय प्रभारी देवदत्त शर्मा, भावना किशोर गौड़, सुरेंद्र कक्कड़, सुधा असवाल, रीता गुप्ता, राजबाला पाल, गुड्डी कालूड़ा, निवेदिता सरकार, आशा शुक्ला, रुचि जैन, संगीता, रेखा चौबे, अभिनव पाल, राकेश पाल, गोपाल सती, रंजन अंथवाल, शशि मिश्रा, अविनाश भारद्वाज, मोहित, रोशन, कृष्णा, रवि, माहिर रवि कुमार आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सीएम धामी ने राजस्थान में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

राजस्थान में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में विभिन्न जनसभाओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबोधित किया। विराटनगर, सांगानेर एवं झोटवाड़ा में आयोजित अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान की दशा बिगाड़ने का महापाप किया है। उसे इस चुनाव में राजस्थान की जनता सजा देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में जब भाजपा का शासन था तब यहां तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि यहां आयोजित परिवर्तन यात्रा में भी उन्होंने भाग लिया था, लोग कह रहे थे कि बीते पांच सालों में कांग्रेस की सरकार ने केंद्र के काम को रोकने का काम किया। यहां की सरकार ने केंद्र के पैसे को जनता तक आने ही नहीं दिया। इतनी बुरी स्थिति है कि कई क्षेत्रों में सात-सात दिन तक यहां पानी नहीं आ रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भाजपा का कार्यकाल भी आपने देखा और अभी कांग्रेस का भी। कांग्रेस ने पहले हुए सारे कामों को रोकने का कार्य किया। कांग्रेस ने राजस्थान की दशा बिगाड़ने का महापाप किया है। कांग्रेस को इस महापाप की सजा अब जनता देगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का दुनिया में आज तेजी से मान बढ़ा है। पिछले दिनों वे इंग्लैंड की यात्रा पर गये थे, वहां बहुत से लोगों से उनकी मुलाकात हुई। वहां के लोग प्रधानमंत्री और हमारे देश की प्रशंसा कर रहे थे। ये ऐसे देश हैं, जिन्होंने कभी हम पर शासन किया, लेकिन आज वे हमारी विकास की गति से चकित हैं। ये सब यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चमत्कारी नेतृत्व से संभव हो सका।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल में जी-20 का समेलन भारत में संपन्न हुआ। इस दौरान भारत के अनेक शहरों में हमारे विदेशी मेहमान गए। उन्होंने हमारी तरक्की की रफ्तार देखी। आज भारत तेजी से विकास कर रहा। भारत का लोहा पूरी दुनिया मान रही। कोरोना जैसी महामारी में भी हमारे पीएम ने देश के 140 करोड़ों लोगों को वैक्सीन लगवाना सुनिश्चित कराया। कोरोना में भी किसी को भूखे पेट नहीं सोना पड़ा। आज देश के 80 करोड़ लोगों को 5 किलो राशन व अन्य अन्न मिल रहा। अगले 5 साल तक यह योजना चलेगी। इस दौरान जहां भारत में मुफ्त में वैक्सीन लगाई गई तो दूसरे देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत के पीछे दुनिया खड़ी है। वर्ष 2014 के पहले भारत विश्व के बड़े मंचों पर अपनी बात नहीं कह पाता था। आज का भारत नया भारत है। रूस-यूक्रेन के युद्ध के समय हमारे बच्चे वहां फंस गए थे। हमारे पीएम ने दोनों राष्ट्र अध्यक्ष से बात की। परिणाम स्वरूप 4 घंटे तक युद्ध रुका और हमारे बच्चे वहां से निकले ही, साथ ही तिरंगा लेकर अन्य देशों के बच्चे भी वहां से निकले है। यह आज के नये भारत की ताकत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस छोटे दलों से गठबंधन कर रही है और मिलावट की सरकार बनाने के प्रयास में है, लेकिन ये सब वो अपने अस्तित्व को बचाने के लिए कर रही है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ये सब महमिलावट का हिस्सा हैं। ये वो सब लोग हैं जो कभी एक दूसरे को फूटी आंख नहीं देख पाते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार ने लाल डायरी का कारनामा किया, उदयपुर का कारनामा हुआ। कन्हैया भाई का गला यहां रेत दिया गया। त्योहार भी राजस्थान में मनाने की छूट नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की जनता को कांग्रेस की लाल डायरी को पढ़ने के बाद प्रण लेना चाहिए कि यहां कांग्रेस का एक भी प्रत्याशी नहीं जीतना चाहिए। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि कांग्रेस यहां से पूरी तरह साफ हो जाएगी। एक भी बूथ से कांग्रेस का खाता नहीं खुलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा की राजस्थान में नकल का खेल खूब चला, माताओं बहनों से धोखा हुआ है। कांग्रेस बस एक परिवार की चिंता करती हैं, जनता की नहीं। हमारे प्रधानमंत्री के लिए आप सब एक परिवार हैं। आज इस प्रदेश को कांग्रेस ने बर्बाद कर दिया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश के अंदर जो काम रुके थे उन्हें मोदी जी ने पूरा करने का काम किया। अयोध्या तो आप सब जानते हैं। देश का हर रामभक्त और राष्ट्रभक्त हमेशा से चाहता था कि राम मंदिर बने। वहां जल्द राम लला विराजमान होने वाले हैं। कश्मीर से धारा 377 को भी समाप्त कर दिया गया है। देश में आज विकास की बयार बह रही है। उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशियों की विराट जीत का आह्वान किया।

पीएम के दौरे की प्रसंशा पर भाजपा ने धामी का जताया आभार, अन्य को सीख लेने की दी नसीहत

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि दलगत भावना से ऊपर उठते हुए कांग्रेस के अन्य नेताओं को भी इससे सीख लेते हुए विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य में सहयोग करना चाहिए।

भट्ट ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस विधायक हरीश धामी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को आदि कैलाश और मानसखंड के विकास के लिए फायदेमंद बताने और प्रशंसा करने के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, सामाजिक, क्षेत्रीय एवं दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर विकसित भारत बनाने के मोदी मिशन की आज हर तरफ से प्रसंशा हो रही है। प्रधानमंत्री के आदि कैलाश और तमाम मानसखंड पहुंचने का इस क्षेत्र के विकास में कितना बड़ा योगदान होने जा रहा है वह स्थानीय जनता बखूबी महसूस कर रही है। यही वजह है कि राजनैतिक प्रतिस्पर्धा को दरकिनार कर धारचूला कांग्रेस विधायक ने मोदी जी के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। उन्होंने हरीश धामी की भावनाओं का हृदय से आभार करता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के विकास के लिए इसी तरह अन्य लोगों को आगे आने की जरूरत हैं।

भट्ट ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से लेकर नेता प्रतिपक्ष द्वारा प्रधानमंत्री के दौरे पर की गई अनर्गल बयानबाजी और गैरजरूरी टिप्पणियों की कड़ी आलोचना करते हुए उनको हरीश धामी से सीख लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा, कुछ समय पूर्व छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री टी एस देव ने भी मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं की प्रशंसा करने का साहस किया था। लिहाजा कांग्रेस के स्थानीय नेताओं में थोड़ी बहुत तथाकथित उत्तराखंडियत बची हो तो उन्हे विकसित राज्य बनने के हमारे प्रयासों का सहभागी बनना चाहिए। उन्हें अपने आलाकमान की देश और राज्य विरोधी सोच को दरकिनार करते हुए, उत्तराखंड की बेहतरी के लिए सकारात्मक सहयोगी के रूप में आगे आना चाहिए।

राजस्थान में गरजे सीएम धामी, बोले कांग्रेस ने पिछले पांच सालों में राजस्थान की दशा और दिशा दोनों को बिगाड़ने का महापाप किया

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मध्यप्रदेश के बाद आज राजस्थान में हुंकार भरी। सीएम धामी की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जहां-जहां भी सीएम पहुँचे उन्हें सुनने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार ने राजस्थान को विकास के मोर्चे पर कोसों पीछे धकेल दिया है। राजस्थान का विकास डबल इंजन कि सरकार में ही संभव है। उन्होंने जनता से अपील की वे आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी मतों से जिताएं।

भाजपा की परिवर्तन यात्रा ने कल झालावाड़ जिले में प्रवेश किया था। आज यात्रा के दूसरे दिन उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी भी परिवर्तन संकल्प यात्रा में शामिल हुए और झालावाड़ जिले के भीलवाड़ा से पिपलिया तक संकल्प रथ पर सवार होकर गुजरे। इस दौरान भाजपा समर्थको ने भी यात्रा का जोरदार स्वागत किया। बाद में परिवर्तन संकल्प यात्रा झालावाड़ जिले के आखिरी पड़ाव पिपलिया चौराहा पहुंची, जहां एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले पांच सालों में राजस्थान की दशा और दिशा दोनों को बिगाड़ने का महापाप किया है। इस महापाप की सजा राजस्थान की जनता कांग्रेस को सत्ता से हटाकर देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज खुद का अस्तित्व बचाने के लिए कांग्रेस छोटे-छोटे दलों का सहारा ढूंढ रही है, छोटे-छोटे दलों की बिखरी हुई ताकत के भरोसे वो फिर से अपनी जिंदगी ढूंढ रही है, ये मिलावट सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि कांग्रेस को जीवित रखने के लिए हो रही है।

उन्होंने कहा कि इस महा-मिलावट का हिस्सा कौन हैं? वो लोग जो कभी एक दूसरे की आंख से आंख नहीं मिलाते थे और आज वे एक दूसरे के साथ मंच साझा कर रहे हैं, गले मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के काले कारनामों और लाल डायरी से प्रदेश की जनता भलीभांति परिचित है, इसलिए मैं, कांग्रेस के लोगों को स्पष्ट बता देना चाहता हूं कि अब राजस्थान की जनता कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरीके से तैयार है।

आपसे एक नया रिश्ता बनाने आया हूं

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वैसे तो देवभूमि उत्तराखंड से पूरे देश ने रिश्ता जोड़ रखा है, लेकिन व्यक्तिगत यहां चलकर आपसे एक नया रिश्ता बनाने आया हूं। इसी रिश्ते के नाते मैं आपसे अपील कर रहा हूं कि अब समय आ गया है। आप सब देशविरोधी ताकतों, मोदी व सनातन के खिलाफ जहर उगलने वालों को सबक सिखाओ। अगर इनको समय पर सबक नहीं सिखाया तो आप सोच सकते हो कैसे दिन देखने पड़ेंगे।

राजस्थान सरकार पर किया जमकर प्रहार

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राजस्थान में इन लोगों ने पांच वर्षों में क्या-क्या कांड किए हैं, इसे आप लोग भलीभांति जानते हैं। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत सरकार के काले कारनामे तो स्वयं उनके विधायकों ने ही सभी के सामने खोलकर रख दिए थे। उन्होंने कहा कि झालावाड़ की बात करें तो कांग्रेस ने भंवरासा बांध से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने का वादा किया था, परन्तु विगत पांच वर्षों में इस योजना पर कोई कार्य नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि आज एक ओर जहां प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देशभर में रेल का जाल बिछाया जा रहा है, वहीं एक दशक से दिगोड़-ग्यालियर रेल परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद भी इस योजना पर आज तक काम शुरू तक नहीं हो सका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के काले कारनामे किसी से छिपे नहीं है, कांग्रेस के विधायक ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कांग्रेस के मंत्री को ही खनन माफिया बता रहे हैं। इनके साथी भी कुछ कम नहीं है, वे अब सनातन को ही देश से खत्म करना चाहते हैं लेकिन, उन्हें यह नहीं मालूम कि जब बाबर और औरंगजेब जैसे क्रूर शासक सनातन को खत्म नहीं कर पाए तो फिर घमंडिया गठबंधन के घमंडिया नेता क्या चीज हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के हर कोने में हर सनातनी को और देश की मिट्टी से प्यार करने वालों को इन ’’ठगबंधनों’’ से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर ऐसी ताकतों को रोकना है, जो हमारे देश की एकता एवं अखंडता के लिए खतरा है।

पुनः लौट रहा भारत का सांस्कृतिक वैभव

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत का सांस्कृतिक वैभव पुनः लौट रहा है। कुछ लोग कहते हैं 2014 के बाद क्या हुआ तो उन्हें मैं, बताना चाहता हूं कि 2014 से पहले भारत एक पिछलग्गू राष्ट्र की श्रेणी में पहुंच गया था, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व का एक अग्रणी राष्ट्र बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या में मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण तेजी से हो रहा है। देवभूमि उत्तराखंड में केदारनाथ और बद्रीनाथ धामों का मास्टर प्लान से पुनर्निर्माण हो रहा है। बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण किया गया है तो उज्जैन में महाकाल लोक का दिव्य व भव्य निर्माण हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद जिन सरकारों ने इस देश पर राज किया, उन्होंने उत्तराखंड और राजस्थान जैसे राज्यों की पहचान को खत्म करने का भरपूर प्रयास किया। कांग्रेस की सरकार ने जो हमें दिया, उसे हम और आप, कभी आपातकाल तो कभी विभिन्न घोटालों के नाम से जानते हैं।

बागेश्वर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के लिए सीएम ने जताया समर्थन

अनुसूचित जाति आरक्षित विधानसभा उपचुनाव भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास के पक्ष में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, सांसद और प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। प्रत्याशी के नामांकन के बाद नुमाइशखेत मैदान पर चुनावी सभा आयोजित की गई। प्रत्याशी अपना भाषण पूरा नहीं कर सकीं। वह मंच पर ही भावुक हो गईं तो उन्हें सीएम ने ढांढस बंधाया।

नुमाइशखेत मैदान पर आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चंदन की पार्वती को विजयी बनाएं। स्व. चंदन राम दास को बागेश्वर की हमेशा फिक्र थी। विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। उन्हें आगे बढ़ाना है। कांग्रेस के पास प्रत्याशी नहीं था। आप के नेता को सदस्यता ग्रहण कराई और उसे टिकट दे दिया। आज कांग्रेस के लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।

प्रत्याशी पार्वती दास ने कहा कि वह पति के कार्यों को आगे बढ़ाएंगी। वह मंच पर भावुक हो गईं। मुख्यमंत्री को उठकर उन्हें समझाने आना पड़ा। वह अपना भाषण पूरा भी नहीं कर सकीं। जनता का आभार व्यक्त किया और वोट देने को कहा।

इस मौके पर पुष्कर काला, सौरव बहुगुणा, शिव सिंह बिष्ट, इंद्र सिंह फर्स्वाण, रंजीत दास, फकीर राम, सरिता आर्या, सुरेश गढ़िया, प्रमोद नैनवाल, सुबोध साह, कुंदन परिहार, दीपा आर्या, महेश जीना, रमेश बहुगुणा, मुन्नी देवी, घनश्याम जोशी आदि उपस्थित थे।

विपक्ष ने की वोटबैंक की राजनीतिः सीएम
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि स्व. चंदन राम दास को वह भुला नहीं सकते हैं। वह उन्हें छोटा भाई मानते थे। उनका एकाएक चला जाना उत्तराखंड के साथ ही बागेश्वर के लिए भी अपूरणीय क्षति है, जिसे वोट में बदलें और चंदन की पार्वती को विजयी बनाएं। विपक्षी दल ने कोई विकास नहीं किया, वोटबैंक की राजनीति की, झूठे वायदे करते हैं। अंत्योदय भाव को लेकर भाजपा विकास कर रही है।

सीएम बोले जब चंदन थे बीमार
सीएम ने कहा कि चंदन राम दास पहली बार विधानसभा आए। भाषण पूरा किया और अस्पताल में भर्ती हो गए। चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली ले जाने को कहा। एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। वह बीमारी में भी चिंतित रहते थे। उन्हें बागेश्वर के विकास की चिंता रहती थी। सुंदर बागेश्वर का संकल्प लेना है।

नवरत्न में बागेश्वर-टनकपुर रेल मार्ग
सांसद अजय टम्टा ने कहा कि विकास आगे बढ़ रहा है। दुर्भाग्य से चंदन नहीं हैं। भाजपा ने 370 हटाया और समान नागरिक संहिता विषय भी भाजपा का है। ग्वालदम-कपकोट-जौलजीवी मोटर मार्ग भारत माला के अंतर्गत है। इसी सत्र में काम पूरा होना है। प्रधानमंत्री की नवरत्न योजना में बागेश्वर-टनकपुर रेल मार्ग का सर्वेक्षण हुआ है। पीएमजीएसवाई के तहत सड़कें बन रही हैं।

16 अगस्त को भारी जन समर्थन के साथ भाजपा प्रत्याशी बागेश्वर मे करेगा नामांकनः भट्ट

भाजपा बागेश्वर उपचुनाव मे मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में 16 अगस्त को व्यापक जन समूह के साथ पार्टी प्रत्याशी का नामांकन करेगी।फिलहाल पार्टी ने 3 नामों का पैनल केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड के समक्ष भेज दिया है जिस पर विचार के उपरांत शीघ्र ही पार्टी उम्मीदवार के नाम पर मुहर लग जायेगी ।

पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता मे उन्होंने कहा कि वीरवार को राज्य चुनाव समिति ने विचार विमर्श के बाद 3 शीर्ष नामों को केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेज दिया है। संभवत शीघ्र ही पार्टी पार्लियामेंट्री बोर्ड नामों पर विचार कर उम्मीदवार की घोषणा कर देगा।
उन्होंने बताया, संगठन ने प्रत्याशी के नामांकन की तैयारी शुरू कर दी है जिसके अनुसार 16 अगस्त को अपार जनसमूह के साथ पार्टी प्रत्याशी का नामांकन किया जायेगा । इस दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
भट्ट ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सहमति और जनभावनाओं के अनुरूप उम्मीदवार उम्मीदवार तय किया जायेगा। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चंदन राम दास जीवनपर्यंत बागेश्वर क्षेत्र की भलाई के लिए काम करते रहे हैं लिहाजा स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं में उनके परिवार के प्रति सद्भावना होना तय है । पार्टी वहां कार्यकर्ताओं की सहमति से ऐसे उम्मीदवार को खड़ा करेगी जो स्वर्गीय दास के अधूरे कार्यों को पूरा कर जनभावनाओं पर खरा उतरे।

उन्होंने कांग्रेस की चुनौती को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा सकारात्मक राजनीति करते हुए जीतने के लिए और कांग्रेस हारने के लिए चुनाव लड़ती है। हम पूर्व निधारित नीति के अनुसार पार्टी प्रत्याशी का चयन करते हैं और कांग्रेस अपनी पार्टी के अंदर और बाहर उम्मीदवार ढूंढती है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस को आज अपनी पार्टी में ही कोई उम्मीदवार नहीं मिल रहा है और मीडिया के माध्यम से जानकारी आ रही है कि वे उम्मीदवार दूसरी पार्टी से आयात करने वाले हैं । दोनों पार्टियों में सोच का यही फर्क हमे रिकॉर्ड मतों से जिताने वाला है और कांग्रेस की एक बार फिर से जमानत जब्त होने वाली है।
भट्ट ने सड़कों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जारी वीडियो को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री धामी के बेहतर प्रबंधन में मानसूनी आपदा के बावजूद आज प्रदेश की सड़के मात्र घंटे दो घंटे में खोल दी जाती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को अपना जमाना याद करना चाहिए जब एक एक महीने तक सड़के बंद रहती थी। उन्होंने सलाह देते हुए कहा, सड़क बंद के साथ सड़क खुलने की वीडियो भी उन्हे डालनी चाहिए ताकि बाहर से आने वाले लोग भ्रमित न हो और राज्य की छवि प्रभावित नही हो।

मौन सत्याग्रह पर कांग्रेस स्थिति करे स्पष्ट, राहुल का गुणगान या यूसीसी विरोध?

भाजपा ने कांग्रेस के प्रस्तावित गांधी स्मारक पर मौन सत्याग्रह पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे स्पष्ट करना चाहिए कि वह अपने पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का गुणगान के लिए मौन सत्याग्रह कर रही है अथवा यूसीसी का विरोध कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस दुविधा की स्थिति मे है और विकास कार्यों के जरिये खुद को साबित कर रही भाजपा की उपलब्धियां पच नही रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा के निशाने पर नही, बल्कि जनता ने उन्हे माफ नही किया है। उन्होंने कहा कि विदेशों मे भारत की छवि को धक्का पहुंचाने की उनकी नाकाम कोशिश को पूरे देश और दुनिया ने देखा। देश मे लोकतंत्र को लेकर जब लोगों ने तवज्जो नही दी तो वह विदेश यात्रा पर निकल गए। कांग्रेस कभी सर्जिकल स्ट्राइक के जरिये सैनिकों के मनोबल पर प्रहार करती रही तो कभी संविधान को लेकर अनाप शनाप कथन अथवा हर उस कार्य की अगुवाई करती रही है जो देश के खिलाफ हो। वहीं कांग्रेस नेताओं के बेतुके बोल जो कि देश कि अस्मिता पर चोट करती है। भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी सविधान से ही मिली और उन्हे सजा भी संविधान के दायरे मे मिली है। उन्हें जो भी सजा मिली वह उनके और अदालत के बीच का विषय है, लेकिन सार्वजनिक जीवन मे संसदीय भाषा और आचरण जरूरी होता है और उनसे यह चूक बार बार होती रही है। कांग्रेस उनके प्रति सहानुभूति बटोरने की फिराक मे है, लेकिन इससे उसे कुछ हासिल नही होने वाला है। सनातनी आवरण और आडंबर से कुछ हासिल नही होने वाला, क्योंकि जनता सब जानती और समझती है।

एनआरसी बिल को लेकर भी कांग्रेस खलनायक की भूमिका मे रही है और अब समान नागरिक कानून को लेकर वह विरोध का वातावरण बना रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए यूसीसी को लेकर नही लायी, बल्कि यह भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र का हिस्सा भी है। वैश्विक महंगाई और कोरोना की चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थ व्यवस्था पर असर न पड़ना और 80 करोड़ जनता को मुफ्त राशन देना बड़ी उपलब्धि है। आज देश मे तरक्की और रोजगार के अवसर खुल रहे है तो विदेशों मे भारत की साख पहले की तुलना मे बढ़ी है। कांग्रेस को अपने नेता के गुणगान के बजाय बेहतर कार्याे को प्रोत्साहन और अपनी नाकामयाबियों से बचने के लिए दुसरो पर दोष मढ़ने से बचना चाहिए। खुद को पीड़ित दिखाना आज कांग्रेस मे एक दौर शुरू हो गया है।