केन्द्रीय कैबिनेट ने सांसदों का वेतन एक वर्ष के लिए 30 प्रतिशत कम किया

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संसद सदस्य के वेतन, भत्ते और पेंशन अधिनियम 1954 में संशोधन के लिए अध्यादेश को मंजूरी दे दी। इसके तहत सांसदों का वेतन एक वर्ष के लिए 30 प्रतिशत कम हो जाएगा।
यह अध्यादेश पहली अप्रैल से प्रभावी हो गया। मंत्रिमंडल के फैसलों के बारे में सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने संवाददाताओं को बताया कि केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों का वेतन एक वर्ष के लिए 30 प्रतिशत घट जाएगा।
जावड़ेकर ने बताया कि मंत्रिमंडल ने 2020-21 से 2021-22 तक दो वर्ष के लिए सांसद क्षेत्रीय विकास निधि को निलंबित करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यह 79 अरब रुपये की राशि कोविड-19 से निपटने के लिए भारत की समेकित निधि में जमा कराई जाएगी।
मंत्रिमंडल के फैसलों के बारे में सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने संवाददाताओं को बताया कि राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और राज्यों के राज्यपालों ने सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में एक वर्ष तक अपने वेतन में एच्छिक रूप से 30 प्रतिशत कमी करने का फैसला किया है। यह राशि भी भारत की समेकित निधि में जमा कराई जाएगी।

नगर निगम के इन शूरवीरों का हौसला बढ़ाये, अपने घरों में ही रहे

नगर निगम महापौर अनिता ममगाई और नगर निगम के मुख्य नगर आयुक्त नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल सहित नगर निगम के अधिकरियों ने निगम सफाई कर्मचारियों के साथ सम्पूर्ण ताकत के साथ मोर्चा संभाल लिया है। इसका असर आज स्पष्ट तौर पर देखने को मिला। दिनभर में निगम की विभिन्न टीमों ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सेनेटाइजेशन किया।
कोरोना कहर में लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित नगर निगम प्रशासन शहर को सेनिटाइज करने के लिए जुटा हुआ है। निगम ने सीमित संसाधनों के मद्देनजर मंगलवार को तींन टेंकरों सहित अग्नि शमन वाहनों को भी स्वच्छता के मोर्चे पर उतार दिया और दिनभर इन वाहनों के जरिए भी विभिन्न वार्डों में छिड़काव कराया। मंगलवार को लॉक डाउन लागू होने के बाद लोग घरों से बाहर नहीं निकले। पूरा दिन जहां अपने परिवार के साथ बिताया, वहीं दिनभर नगर निगम के सफाई कर्मी मैदान में डटे रहे। दिन भर शहर से लेकर निगम के तमाम ग्रामीण वार्डों तक सफाई कर्मियों ने जी तोड़ मेहनत की।

सुबह गली, मोहल्लों, सड़कों और गांवों में सफाई हुई तो दोपहर तक तमाम महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एक-एक कोने से कूड़ा उठाया गया। सफाई के बाद छिड़काव भी हुआ। सफाई कर्मियों के जज्बे को सभी लोगों ने सलाम किया। मंगलवार को बाहर सड़कों पर सन्नाटा था लेकिन वहां मौजूद थे सफाई कर्मी। शहर में सफाई कर्मचारी आज भी आम दिनों की तरफ अपनी ड्यूटी पर सुबह से डटे रहेे। गलियों और सड़कों पर केवल सफाई कर्मचारी सफाई करते हुए दिखाई दिए। उसके साथ ही कूड़ा उठाने वाली गाडियां लगी रहीं। शाम तक सफाई कर्मचारियों ने सफाई की और जगह-जगह से कूड़ा उठाया गया। साथ में चूना, ब्लीचिंग पाउडर के साथ छिड़काव भी किया। नगर निगम महापौर अनिता ममगाई ने बताया कि तमाम शहरवासियों के स्वास्थ्य को लेकर निगम प्रशासन बेहद संजीदा है। शहर को विभिन्न जोन में बांटकर जगह-जगह सेनिटाइजेशन किया गया है। महापौर ने कहा कि कर्मचारियों ने जिस लगन और मेहनत से काम किया, उसकी जितनी तारीफ करें, कम है। वायरस से अभी लंबी लड़ाई लडनी है। इसलिए सभी को धैर्य और संयम से काम लेना होगा, क्योंकि एक-एक व्यक्ति का जीवन अनमोल है।